मेरे बड़े --

Thursday, July 15, 2021

मेरी नई साइकिल


इस साल मेरे जन्मदिन के पहले ही नानी को बंगलौर जाना था।ऐसा इस साल ही नहीं हर साल होता है ।नानी मेरे जन्मदिन पर मेरे पास नहीं रहती।


लेकिन इस साल नानी ने मुझे बड़ी साइकिल लेकर दी। उस दिन अचानक पापा सरप्राईज देने के लिए हम सबको बोले कार में एक राउंड लगाकर आते हैं जैसे हैं वैसे ही बैठ जाओ, और हम सच्ची समझे लेकिन कार जब साइकिल की दुकान के सामने रुकी तो सबने मुझे बताया,फिर मेरी पसंद की साइकिल ली ।
जब साइकिल ली तब मेरे पैर नीचे नहीं पहुंच रहे थे ,लेकिन नानी ने बोला ऊंची हो जाएगी जन्मदिन तक,और देखो मैं अब सरपट भगा लेती हूं साइकिल और आज तो ओवरब्रिज पर भी चढ़ा ली।
यहां देख सकते है आप -




नानी को सुनें।


थैंक्यू नानी,पापा और मम्मी, लव यू ।



Wednesday, June 2, 2021

दादाजी का मंदिर

मैंने अपने दादा - दादी को नहीं देखा ,लेकिन पापा ने बताया कि दादाजी बहुत मन लगाकर पूजा करते थे,अब मैं दादाजी के मंदिर में पूजा करती हूं।

Saturday, April 14, 2018

चौथा जन्मदिन

ठुमकती ,फुदकती,मटकती,
घर आँगन में चहकती फिरती
कौन? चिरैया?...नहीं नहीं बिटिया मायरा ...😘

नाचती,कूदती,इधर-उधर दौड़ती,
फिरकनी जैसी गोल-गोल घूमती
कौन भँवरिया?नहीं नहीं बिटिया मायरा....😘

नखरे दिखाती,नैन नचाती,
कपडों से अपने जूते मैच करती
कौन दुल्हनियाँ?नहीं नहीं बिटिया मायरा....😘

(चौथे जन्मदिन पर नानी )😊
-अर्चना

Sunday, December 3, 2017

देखा और सीखा

बच्चे देखकर ही जल्दी सीखते हैं,मैंने भी अपनी दीदियों को देखा और सीखा,नानी के मोबाईल से ली अपनी सेल्फ़ी...👌

Monday, October 30, 2017

फोटोशूट

बहुत शौक है,अपनी मेडम जी को,फ्लोर पर कभी भी आ सकती है ....

Wednesday, October 18, 2017

रंगोली बनाई

शुभ दीपावली
नानी अभी मेरे पास नहीं,मगर माँ ने ड्रा कर दी और मैंने रंग भरे ।
पूरी बनने पर पापा ने फ़ोटो भेजा ही नहीं नानी को,खाली वीडियो में दिखा दिया ,अब आपको देखने नहीं मिलेगा 😊

Monday, October 9, 2017

नानी की "बुद्ध"

जब ध्यानमग्न होंगे तो ऐसे होंगे"बुद्ध"...

हाँ ,ये तो हुई नानी की बात,पर पापा,मम्मी ने बगीचे में काम करवाया और ये मेरा छोटा सा पहाड़ बनवाया ,मालीभैया ने एक पेड़ भी लगा दिया है,और खास तो मेरा अमरूद का पेड़ अमरूद लटका के छाँव भी दे रहा है।
पापा ने कहा ध्यान में बैठो ,तो फ़ोटो खिंचवाने को मैं कैसे भी पोज़ दे सकती हूँ....

Friday, October 6, 2017

सुप्रभात

सुप्रभात!

प्यार करो पौधे से,
उसके गमले,
फूल से,
और फल से,

गले मिलो सबसे,
आदर करो सबका,
आँखों से हँसों अपनी
दिल जीतो सबका...

हर सुबह होगी सुहानी
उमंग से भरी,मनभावनी
बनेगा बगीचा तुम्हारा
चूँ-चूँ की छावनी.....

-नानी

Monday, August 28, 2017

गणेश जी

फर्स्ट फिंगर से बनाना शुरू किया नानी की मदद से ,आज स्कूल से आकर आंखें बनाकर पूरा कल दिखाउंगी-मायरा

Saturday, August 26, 2017

तीज-त्यौहार

माँ के साथ ही त्यौहार समा जाते हैं बेटियों के मन में...नानी कहती है
मेरी मम्मा ने मेंहदी लगाई और मैंने भी, रात भर रखा सूखने तक बिना हिलाए, पहले दिन का और दूसरे दिन चढ़ा रंग ---

Friday, August 4, 2017

मॉडलिंग

जब मन होता है नानी से फोटोग्राफी करवाती हूं...लंबे बालों का बहुत शौक है अभी तो नानी मेरी ऐसी चोटी बना देती है।
आपको एक बात बताती हूँ ,मुझे 4-5 दिन से तेज बुखार आ रहा है, दो दिन तो स्कूल छुट्टी भी करनी पड़ी, लेकिन आज ठीक हूँ, नानी रोज पूजा करती है,नानी ने बताया कि उन्होंने भगवान जी से कहा था कि मायरा के बुखार को भगा देना ,मुझे याद आया कि नानी के साथ मैंने भी पूजा की थी कल तो ...मैंने नानी से कहा - आपने भगवान जी को ऐसे नहीं बोला कि मेरी बेटी मायरा के बाल बड़े कर देना ....और नानी ने कहा आज बोल देंगी ... 👍

तब तक ये देखिए -

Wednesday, July 26, 2017

मेरा होमवर्क होता फटाफट

मुझे रोज थोड़ा सा होमवर्क मिलता है, टीचर स्कूल में जो सीखती है वही, घर आकर हाथ,मुँह, धोकर,कपड़े बदल कर मैं होमवर्क कर लेती हूँ फटाफट से...
मुझे इरेज़र से मिटाने में मजा आता है, पर ऐसा करने से होमवर्क करने में बहुत समय लगता है,मेरी नानी ने सिखाया कि होमवर्क बहुत ध्यान से करते हैं ,एक बार ध्यान से लिखने से गलत नहीं होता,मिटाना नहीं पड़ता और होमवर्क फटाफट खत्म हो जाता है,फिर नानी कहानी सुनाती है ...बहुत सारी मुझे सिंड्रेला की कहानी बहुत पसंद है,कल नानी ने सात पूंछ वाली चुहिया की कहानी सुनाई,उससे मैंने सीखा कि- भगवान जी ने सबको अच्छी अच्छी चीज दी है,हमको चिढ़ना और चिढ़ाना नहीं चाहिए....

Tuesday, July 25, 2017

मायरा vs देवसेना

मायरा (नानी को दुपट्टा देते हुए)- नानी मुझे साड़ी पहना दो।

नानी दुपट्टा लेकर लपेट देती है।

मायरा दुपट्टा निकाल कर फेंक देती है ,नानी पूछती है-क्यों ?क्या हुआ?अच्छी तो पहनाई....

मायरा(गुस्से से)- देवसेना ऐसे नहीं पहनती है! ...

नानी परेशान है,"बाहुबली" देखनी पड़ेगी ।

Tuesday, July 18, 2017

होमवर्क

नानी के साथ होमवर्क ऐसे करती हूँ-

Saturday, July 8, 2017

पहला दिन नया स्कूल

मायरा की स्कूल से फोन आया - मायरा का पेट दर्द हो रहा है ,आकर ले जाइए।
मम्मा दौड़ी-दौड़ी पहुँची, देखा मायरा मस्त खेल रही है ,फिसलपट्टी पर फिसल रही है...मायरा से पूछा - पेट दुख रहा है?
बोली - नहीं
फिर मम्मा ने टीचर से पूछा-
जबाब मिला- उससे लिखवा रही थी तो रोने लगी - पेट दुख रहा है  बोल के ..और मन डाइवर्ट करने को खेलने दिया ,तब से हँसकर खेल रही है ...😊

स्कूल से वापस भी नहीं आई 👍

पहले दिन मायरा  नए स्कूल गई तो सब स्टॉप पर बाय करने आए